जूनियर एडेड भर्ती में 91 प्रधानाध्यापक, 634 सहायक अध्यापकों का चयन, अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ने जारी की अनंतिम चयन सूची

जूनियर हाईस्कूल भर्ती चयन सूची पर विवाद, बेसिक शिक्षा निदेशक के हस्ताक्षर के बाद 91 नाम की संशोधित सूची जारी,  12 नाम कम होने पर उठ रहे सवाल

प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक भर्ती की चयन सूची पर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को जारी सूची में पहले 103 प्रधानाध्यापकों के चयन की सूचना दी गई थी, लेकिन सूची पर बेसिक शिक्षा निदेशक के हस्ताक्षर नहीं होने से सवाल उठे थे। इसके बाद संशोधित सूची जारी की गई, इसमें 91 अभ्यर्थियों के नाम शामिल किए गए। इस पर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया है कि आखिर संशोधित सूची में 12 प्रधानाध्यापकों के नाम कम क्यों हो गए। 

बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने शुक्रवार को चयन की जानकारी दी थी। इसके बाद सूची पर प्रश्नचिह्न उठने लगे। बाद में संशोधित सूची जारी की गई। वर्ष 2021 से भर्ती प्रक्रिया लंबित है। प्रधानाध्यापक के 390 और सहायक अध्यापक के 1504 पदों पर भर्ती होनी थी। बाद में इसमें पदों की संख्या घटा दी गई। वर्तमान में प्रधानाध्यापक के 203 पदों के सापेक्ष केवल 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि सहायक अध्यापक के 634 पदों के सापेक्ष सभी 634 अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, नियमावली में अनंतिम चयन सूची जारी करने का कोई प्रावधान नहीं है, जबकि प्रारंभमें जारी सूची को अनंतिम माना गया, जिससे विवाद और बढ़ा। संशोधित सूची आननफानन जारी की गई, जिससे चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कई अभ्यर्थियों ने चयन सूची पर आपत्ति जताई है। अभ्यर्थी चंचल सिंह का आरोप है कि उनका गुणांक 63.83 है, जो अंतिम चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों के न्यूनतम गुणांक 63.69 से अधिक है, इसके बावजूद उनका नाम सूची में नहीं है। निदेशक बेसिक शिक्षा प्रताप सिंह बघेल का कहना है कि चयन सूची नियमों के अनुरूप है। पहले हस्ताक्षर नहीं करने एवं संख्या कम करने के सवाल पर उन्होंने कुछ नहीं बोला।




जूनियर एडेड भर्ती में 91 प्रधानाध्यापक, 634 सहायक अध्यापकों का चयन, अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ने जारी की अनंतिम चयन सूची

प्रयागराज । अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल की वर्ष 2021 की प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक भर्ती में कुल 725 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें प्रधानाध्यापक पद पर 91 तथा सहायक अध्यापक पद पर 634 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। चयनितों की अनंतिम सूची अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामताराम पाल ने जारी की है। सहायक अध्यापक में सर्वाधिक 250 पद गणित/बिज्ञान विषय में हैं। जल्द ही विकल्प लेकर जिला आवंटन किया जाएगा। उसके बाद संबंधित बीएसए अभिलेखों का परीक्षण कर कार्यभार ग्रहण कराने की कार्यवाही कराएंगे।

यह भर्ती वर्ष 2021 में प्रधानाध्यापक के 390 तथा सहायक अध्यापक को 1504 पदों के लिए आई थी। कानूनी लड़ाई के बाद अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी होने तक कई पद घट गए। इस बीच कई विद्यालय उच्चीकृत होकर हाईस्कूल बन गए, जिसके कारण पदों की संख्या कम हो गई। 

अपर शिक्षा निदेशक ने प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक पदों पर चयनितों की अनंतिम सूची के साथ जनपदवार रिक्त पदों का श्रेणीवार विवरण भी जारी किया है। इसी अनुरूप अभ्यर्थी जिले और विद्यालय का विकल्प चुनेंगे। इसके लिए जल्द समयसारिणी जारी की जाएगी। सहायक अध्यापक पद पर हिंदी विषय में 119, अंग्रेजी में 75, संस्कृत में 38, विज्ञान/गणित में 250 तथा सामाजिक विषय में 152 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।



जूनियर एडेड में 1894 पदों पर हुई थी परीक्षा, सिर्फ 737 को मिलेगी नियुक्ति, अनंतिम चयन सूची जारी

प्रयागराज । अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों के कुल 1894 पदों पर चयन के लिए वर्ष 2021 में परीक्षा कराई गई थी, लेकिन अब तक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इस बीच कई विद्यालयों के उच्चीकृत हो जाने के कारण हाई कोर्ट के आदेश के क्रम में पदों की संख्या घट गई, क्योंकि हाईस्कूल के विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का अधिकार बेसिक शिक्षा विभाग को नहीं है। ऐसे में विभाग अब 737 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने रामकुमार भारद्वाज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य की याचिका में पारित आदेश के क्रम में कुल 737 अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी की है।

जारी की गई विज्ञप्ति में बताया पर गया है कि हाई कोर्ट के आदेश के क्रम में अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा एडेड जूनियर हाईस्कूलों में उपलब्ध कराए गए रिक्त पदों की सूचना के आधार पर अनंतिम चयन सूची वेबसाइट basiceducation.up.gov.in उपलब्ध कराई गई है। इसके अनुसार इस भर्ती में प्रधानाध्यापक-103 एवं सहायक अध्यापक 634 (हिंदी में 119, अंग्रेजी में 75, संस्कृत में 38, गणित/विज्ञान में 250, सामाजिक विषय में 152) पदों पर अनंतिम चयन सूची तैयार की गई है। इन अभ्यर्थियों से विद्यालय का विकल्प लेकर जिला आवंटन किया जाएगा। उसी अनुरूप नियुक्ति पत्र निर्गत किए जाएंगे।


एडेड भर्ती के अभ्यर्थियों की सूची जल्द होगी जारी

प्रयागराज। प्रदेश के सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों की भर्ती-2021 के लिए निदेशालय की ओर से रविवार को दावा किया गया था कि विद्यालयवार रिक्त पदों का विवरण वेबसाइट पर प्रदर्शित हो जाएगा। अभ्यर्थियों का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी विवरण वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं हो सका है। इसे लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर निदेशक बेसिक शिक्षा प्रताप सिंह बघेल ने दावा किया है कि अभ्यर्थियों की सूची एक पखवारे के अंदर जारी कर दी जाएगी। 


पहले सत्यापन में घटे और अब उच्चीकृत हुए विद्यालयों में भर्ती न होने से एडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती केवल 635 सहायक अध्यापक और लगभग 200 प्रधानाध्यापक पदों तक हो सकती है सीमित

प्रदेश में 3049 सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रहा पठन-पाठन

18 मार्च 2026
प्रयागराज। प्रदेश के सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों की भारी कमी से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्ष 2019 के बाद से नई भर्तियां नहीं होने से प्रदेश के हजारों विद्यालय शिक्षक संकट से जूझ रहे हैं, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।

प्रदेश में 3049 सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल हैं। नियमानुसार इनमें 1438 प्रधानाध्यापक और 8656 सहायक अध्यापकों के पद होने चाहिए, लेकिन काफी संख्या में पद खाली पड़े हैं। मार्च 2026 में भी काफी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इससे यह संकट और गहरा सकता है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 तक भर्तियां हुई थीं, लेकिन 31 अक्तूबर 2019 को भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई।

दिसंबर 2019 में लिपिक और परिचायक की भर्तियों के लिए नई नियमावली बनाई गई। साथ ही जिन विद्यालयों में छात्रों की संख्या 100 से कम है, वहां प्रधानाध्यापक का पद समाप्त कर केवल तीन अध्यापकों की तैनाती का प्रावधान कर दिया गया। ऐसे विद्यालयों में न तो परिचायक और न ही लिपिक की नियुक्ति का नियम रखा गया है। मार्च 2020 में प्रधानाध्यापक और

सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए अधियाचन भेजे जाने के बाद वर्ष 2021 में प्रधानाध्यापक के 390 और सहायक अध्यापकों के 1507 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। निदेशालय के अनुसार, सहायक अध्यापक के 1504 और प्रधानाध्यापक के 390 पदों पर आवेदन मांगे गए थे। हालांकि पिछले वर्ष सत्यापन के दौरान सहायक अध्यापकों के 1262 और प्रधानाध्यापकों के 253 कर दिए गए।

रामकुमार भारद्वाज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले में 19 फरवरी को उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उच्चीकृत विद्यालयों का सत्यापन कराया गया। इसके बाद रिक्त पदों की संख्या और घटा दी गई। सूत्रों के अनुसार, अब भर्ती करीब 635 सहायक अध्यापक और लगभग 200 प्रधानाध्यापक पदों तक सीमित हो सकती है।



जूनियर एडेड शिक्षक भर्ती में और घट गए 650 से ज्यादा पद

कुल 1894 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

उच्चीकृत हुए विद्यालयों में शिक्षा सेवा चयन आयोग करेगा भर्ती

16 मार्च 2026
प्रयागराज : अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल की 1894 पदों की शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को एक और झटका लगा है। वर्ष 2021 की इस भर्ती में 650 से ज्यादा पद फिर घट गए हैं। इसमें 600 से ज्यादा पद सहायक अध्यापकों के और करीब 50 पद प्रधानाध्यापकों के हैं। पदों की यह कटौती रामकुमार भारद्वाज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य मामले में उच्च न्यायालय की और से 19 फरवरी के आदेश के अनुसार उच्चीकृत हुए विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों के पद घट जाने से हुई है। इसके पहले प्रधानाध्याक और सहायक अध्यापक पदों को मिलाकर 379 पद कम हुए थे।

वर्ष 2021 की इस भर्ती में सहायक अध्यापकों के 1504 तथा प्रधानाध्यापक के 390 पदों के लिए आवेदन लिए गए थे। इसी आधार पर परीक्षा कराई गई थी। परिणाम घोषित किए जाने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने जब पदों का सत्यापन पिछले वर्ष कराया तो सहायक अध्यापकों के 1262 पद रिक्त मिले थे। इस तरह 242 पद कम हो गए थे। इसी तरह प्रधानाध्यापक के 137 पद कम हो जाने से 253 पद ही रह गएथे। चार साल से ज्यादा समय से भर्ती पूरी होने की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को अब दूसरा झटका लगा है। जो विद्यालय उच्चीकृत हो गए हैं, उनमें शिक्षक भर्तियां नियमानुसार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग ने उच्चीकृत विद्यालयों के पद घटा दिए हैं। 

मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने विज्ञापन प्रकाशित कराया कि तीन नवंबर 2025 में सम्मिलित उच्चीकृत विद्यालयों के संबंध में उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार उच्चीकृत विद्यालयों को पृथक करते हुए विद्यालयवार प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक के रिक्त पदों पर चयन/नियुक्ति की कार्यवाही की जाएगी। विद्यालयवार रिक्त पदों का विवरण वेबसाइट besiceducation.up.gov.in पर प्रदर्शित किया जा रहा है, लेकिन सोमवार शाम तक सूचना अपलोड नहीं हुई थी। इसके अभ्यर्थी दिन भर परेशान रहे।


जूनियर एडेड भर्ती में फिर कम हो गए शिक्षकों के लगभग 600 और प्रधानाध्यापक के 50 पद, 5 साल से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका 

17 मार्च 2026
प्रयागराज। सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में सहायक अध्यापकों और प्रधानाध्यापकों के फिर 650 से अधिक पद घट गए हैं। राम कुमार भारद्वाज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य मामले में उच्चन्यायालय की ओर से 19 फरवरी के आदेश के अनुसार उच्चीकृत विद्यालयों में रिक्त प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के पद कम कर दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार सहायक अध्यापक के 600 से अधिक और प्रधानाध्यापकों के 50 से अधिक घट गए हैं।

2021 में सहायक अध्यापकों के 1504 और प्रधानाध्यापकों के 390 पदों पर आवेदन मांगे गए थे। उसके बाद पिछले साल सत्यापन के दौरान सहायक अध्यापकों के 242 पद घटकर 1262 हो गए। इसी प्रकार प्रधानाध्यापकों के 137 पद घटने के बाद 253 रह गए। इसके चलते पांच साल से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को झटका लगा है। अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि पांच साल में सेवानिवृत्ति से रिक्त पद भी जुड़ने से पदों की संख्या बढ़ जाएगी, लेकिन सत्यापन और विद्यालयों के उच्चीकृत होने के कारण पदों की संख्या कम हो गई है।

वेबसाइट पर विवरण नहीं
एडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती के लिए विद्यालयवार रिक्त पदों का विवरण https://basiceducation.up.gov.in पर अपलोड नहीं होने से अभ्यर्थी सोमवार को पूरे दिन परेशान रहे। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सोमवार को विज्ञापन प्रकाशित करवाया था कि वेबसाइट पर विद्यालयवार रिक्त पदों का विवरण प्रदर्शित किया जा रहा है, लेकिन शाम तक सूचना अपलोड नहीं हो सकी थी।



एडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती से उच्चीकृत विद्यालय हुए बाहर

16 मार्च 2026
लखनऊ। प्रदेश में चल रही अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक जूनियर हाईस्कूल भर्ती में उच्चीकृत हुए विद्यालय को अलग कर दिया गया है। अब बच्चे हुए विद्यालय के अनुसार इसके खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अपर शिक्षा निदेशक बेसिक की ओर से उपलब्ध कराई गई सूचना के क्रम में उच्चीकृत विद्यालय को अलग करते हुए विद्यालयवार खाली पदों पर चयन प्रक्रिया की जाएगी।

विद्यालयवार खाली पदों का विवरण वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। बता दें कि 2020-2021 से चल रही इस भर्ती में हाईकोर्ट के निर्देश पर खाली पदों को भरने की प्रक्रिया बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से की जा रही है। इसके लिए काफी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। 


वर्ष 2021 के बाद उच्चीकृत स्कूलों का ब्योरा किया तलब, जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक भर्ती-2021 का मामला

सभी जिलों के बीएसए को कल तक विवरण भेजने के निर्देश 

8 मार्च 2026
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर वर्ष 2021 के बाद हाईस्कूल या इंटरमीडिएट स्तर पर हुए उच्चीकरण का ब्योरा तलब किया है। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम पाल ने जारी पत्र में कहा है कि वर्तमान में अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक भर्ती-2021 के संशोधित परीक्षा परिणाम में छह सितंबर 2022 को उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दाखिल रिट याचिका संख्या 1966/2026 (राम कुमार भारद्वाज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य) में 19 फरवरी 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक पद के लिए विज्ञापित विद्यालयों में उच्चीकृत विद्यालयों का चिह्नांकन किया जाना है।

इसी कारण सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को वर्ष 2021 के बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत हुए अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में निदेशालय की ई-मेल आईडी पर सोमवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यह जानकारी पहले तीन दिन में ही मांगी गई थी, लेकिन होली के चलते अब सोमवार तक का समय दिया गया है। साथ ही प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक पद के लिए विज्ञापित विद्यालयों की सूची भी मांगी गई है।
जूनियर एडेड भर्ती में 91 प्रधानाध्यापक, 634 सहायक अध्यापकों का चयन, अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ने जारी की अनंतिम चयन सूची Reviewed by प्राइमरी का मास्टर 2 on 5:31 AM Rating: 5

No comments:

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.