जिलों में अब तक वरिष्ठता सूची तैयार नहीं, परिषदीय शिक्षकों के लिए सात नवंबर तक पदोन्नति सुनिश्चित करने का निर्देश
जिलों में अब तक वरिष्ठता सूची तैयार नहीं, परिषदीय शिक्षकों के लिए सात नवंबर तक पदोन्नति सुनिश्चित करने का निर्देश
31 अक्टूबर 2026
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर बताया है कि कई जिलों में अब तक वरिष्ठता सूची तैयार नहीं की गई है। उन्होंने वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी कर सात नवंबर तक पदोन्नति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षकों की दस साल बाद फिर पदोन्नति करने की तैयारी, टीईटी को बताया अनिवार्य
प्रधानाध्यापक और सीनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक पद के लिए पांच साल का अनुभव जरूरी, 70 हजार शिक्षकों को होगा फायदा
17 अक्टूबर 2026
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की करीब दस साल बाद पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हुई है। बेसिक शिक्षा परिषद ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए सात नवंबर तक रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इससे करीब 70 हजार शिक्षकों को लाभ मिलने की संभावना है।
पदोन्नति की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी। टीईटी को लेकर मामला न्यायालय में भी विचाराधीन रहा है। परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को अंतिम वरिष्ठता सूची तैयार कर 23 अक्तूबर तक ई-मेल से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सचिव ने कहा है कि न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में नए जिले में आवंटन के बाद कार्यभार ग्रहण करने वाले अभ्यर्थियों की वरिष्ठता उनकी पहली नियुक्ति की तिथि से निर्धारित की जाएगी। जूनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक और सीनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए जूनियर बेसिक स्कूल में स्थायी सहायक अध्यापक के रूप में कम से कम पांच साल का अनुभव जरूरी है। वहीं, सीनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए जूनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक या सीनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक पद पर कम से कम तीन साल का अनुभव होना चाहिए।
टीईटी अनिवार्य
परिषद ने पात्रता सूची में प्रत्येक शिक्षक के टीईटी उत्तीर्ण होने का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक या दोनों स्तरों की टीईटी उत्तीर्ण करने की स्थिति स्पष्ट करनी होगी। प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक प्राथमिक विद्यालयों में और केवल उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनाती के पात्र होंगे। दोनों स्तरों की टीईटी उत्तीर्ण करने वाले शिक्षक दोनों प्रकार के विद्यालयों में तैनाती के पात्र होंगे।
जिलों में अब तक वरिष्ठता सूची तैयार नहीं, परिषदीय शिक्षकों के लिए सात नवंबर तक पदोन्नति सुनिश्चित करने का निर्देश
Reviewed by sankalp gupta
on
7:14 AM
Rating:


No comments:
Post a Comment